सीवान जंक्शन पर उस समय अजीब स्थिति बन गई जब प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को जानकारी देने के लिए लगाए गए एलईडी स्क्रीन पर अचानक तेज आवाज में भोजपुरी गाना चलने लगा। घटना के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर काफी संख्या में यात्री मौजूद थे। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। अचानक तेज साउंड में गाना बजने से लोग चौंक गए, वहीं कुछ यात्रियों को असहजता भी महसूस हुई।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया शेयर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्टेशन परिसर में लगे कई टीवी स्क्रीन पर एक साथ भोजपुरी गीत चलने लगा। आमतौर पर इन स्क्रीन का उपयोग ट्रेन की सूचना, सुरक्षा संदेश और विज्ञापन दिखाने के लिए किया जाता है, लेकिन इस घटना के बाद यात्रियों में नाराजगी देखी गई। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।क्या बोले यात्री?
सीवान जंक्शन पर मौजूद यात्रियों ने कहा कि रेलवे स्टेशन एक सार्वजनिक स्थान है, इसलिए इस तरह की घटना बेहद लापरवाही को दर्शाती है। उनका कहना था कि अगर यह तकनीकी खराबी थी तो इसे तुरंत ठीक किया जाना चाहिए था, लेकिन काफी देर तक तेज आवाज में गाना बजता रहा और किसी अधिकारी को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। हालात तब सामान्य हुए जब पूरा गाना खत्म हो गया, जिसके बाद स्क्रीन पर फिर से विज्ञापन चलने लगे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने फोन नहीं उठाया
मामले को लेकर जब सुभाष चन्द्र यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं स्टेशन सुपरिटेंडेंट मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद यात्रियों ने स्टेशन पर स्क्रीन संचालन और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करता है या नहीं।