नवादा दौरे पर सीएम नीतीश, ड्रीम प्रोजेक्ट गंगाजल योजना का किया निरीक्षण !

नीतीश कुमार शनिवार को नवादा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी महत्वाकांक्षी गंगाजल उद्वह योजना के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरे से यह स्पष्ट संकेत मिला कि राज्य सरकार दक्षिण बिहार में पानी की समस्या को अब प्रमुख राजनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल कर चुकी है।

नवादा दौरे पर सीएम नीतीश, ड्रीम प्रोजेक्ट गंगाजल योजना का किया निरीक्षण !
नीतीश कुमार शनिवार सुबह मोतनाजे डैम पहुंचे, जहां उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘गंगाजल उद्वह योजना’ के कार्यों का विस्तार से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि योजना पूरी होने के बाद नवादा के घर-घर तक गंगा का पानी पहुंचाया जाएगा। मौके पर उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंत्री और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे, जिनसे अन्य विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। नवादा से राजगीर तक सख्त समीक्षा मुख्यमंत्री ‘सात निश्चय योजना’ के तीसरे चरण की समीक्षा के लिए नवादा आए थे, जिसमें उनकी सबसे महत्वाकांक्षी ‘हर घर गंगाजल’ परियोजना केंद्र में रही। इसके बाद राजगीर दौरे के दौरान उन्होंने वेणुवन परिसर में साउंड एंड लाइट सिस्टम की आधारशिला रखी। इसे पर्यटन, सांस्कृतिक विकास और आधारभूत संरचना को साथ लेकर आगे बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार इस क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन हब के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। विकास कार्यों पर लगातार फोकस नवादा पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री का काफिला नालंदा जिले के ऐतिहासिक शहर राजगीर गया था, जहां गिरियक स्थित घोड़ा कटोरा जलाशय का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी गई। वेणुवन में अत्याधुनिक साउंड एंड लाइट सिस्टम की शुरुआत को भी राज्य के पर्यटन क्षेत्र के लिए अहम कदम माना जा रहा है। क्या है गंगाजल उद्वह योजना यह परियोजना दक्षिण बिहार की पानी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से बनाई गई है। इसके तहत मोकामा (हथिदह) से गंगा जल पंप कर पाइपलाइन के जरिए करीब 151 किलोमीटर दूर गया, बोधगया, राजगीर और नवादा तक पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तीसरे चरण की तकनीकी जानकारी दी और बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद नवादा शहर में शुद्ध गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। दक्षिण बिहार के लिए बड़ी राहत नवादा, गया और राजगीर लंबे समय से जल संकट से जूझ रहे हैं। ‘हर घर गंगाजल’ योजना को इन क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। मोतनाजे डैम में जल भंडारण, शोधन और फिर घरों तक सप्लाई की व्यवस्था इसे देश की अनूठी परियोजनाओं में शामिल करती है। मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर विकास योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया।