बिहार में इस बार नहीं होगी बिजली कटौती, कंपनियां पूरी तरह तैयार !

Bihar Electricity: बिहार में हर साल तेज गर्मी के दौरान बिजली कटौती से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है, लेकिन इस बार हालात अलग रहने की उम्मीद है। बिजली कंपनियों ने गर्मी शुरू होने से पहले ही पूरी तैयारी कर ली है। निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई है, ताकि उपभोक्ताओं को पावर कट की समस्या का सामना न करना पड़े।

बिहार में इस बार नहीं होगी बिजली कटौती, कंपनियां पूरी तरह तैयार !
Bihar Electricity: इस बार बिहार में गर्मी के मौसम में बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद है। बढ़ती तापमान और संभावित पीक डिमांड को देखते हुए ऊर्जा विभाग ने पहले से ही व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में दक्षिण और उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के साथ संचालन एवं रखरखाव को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अधिकतम लोड के समय भी उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली मिले। इसके लिए ट्रांसफॉर्मर, फीडर और ग्रिड उपकेंद्रों के प्री-मेंटेनेंस प्लान को सख्ती से लागू करने, हॉटलाइन मेंटेनेंस तेज करने और कमजोर या खराब लाइनों की पहचान कर तुरंत मरम्मत करने को कहा गया। साथ ही, मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ऊर्जा सचिव ने फील्ड स्तर की टीमों को अलर्ट रहने और फॉल्ट व ब्रेकडाउन की घटनाएं न्यूनतम रखने पर जोर दिया। बिजली लाइनों पर काम के दौरान सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग की भी हिदायत दी गई। बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी महेंद्र कुमार और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी राहुल कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी साझा की। हालांकि, उपभोक्ताओं को जल्द ही बिजली दरों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है। 1 अप्रैल 2026 से नई टैरिफ लागू होने की संभावना है, क्योंकि दोनों वितरण कंपनियों ने बिहार विद्युत विनियामक आयोग को दर संशोधन का प्रस्ताव भेजा है, जिससे बिजली बिल बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।