आरा : पैसे के विवाद में युवक को मारी गोली...

आरा : पैसे के विवाद में युवक को मारी गोली...

आरा : सहार थानाक्षेत्र के एकवारी गांव में गुरुवार की शाम पैसे के लेने-देने के विवाद में एक युवक को गोली मार दी गयी। गोली उसके बाएं साइड सीने में लगी है। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज आरा शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। घायल युवक की पहचान आलोक सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सहार थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए।

इधर, जख्मी आलोक सिंह ने बताया कि उसने पट्टीदार चांद कुमार उर्फ लिली सिंह को कुछ दिन पूर्व सत्तर हजार रूपए कर्ज रूप में दिए थे। इसको लेकर उनलोगों से कुछ दिनों से विवाद चला आ रहा है।

गुरुवार की दोपहर उसके पिता के द्वारा उसके बड़े भाई पर फोन कर मारने की धमकी भी दी गई थी। गुरुवार की देर शाम जब वह बाजार से घर वापस लौट रहा था। तभी गांव के बुढ़िया माई मंदिर के समीप आकर आरोपी के पिता गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार के साथ नरसंहार करने की धमकी दे रहे थे। उसी समय वह भी वहां आ गया और उसे गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बिटेश्वर सिंह और लिलिया सिंह दोस्त हैं। बिटेश्वर सिंह ने लिली सिंह उर्फ लिलिया के खेत में बांधे गये बांस को जला कर आग ताप लिया था। उसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और लिलिया द्वारा गोली मार दी गयी। हालांकि बिटेश्वर सिंह की पत्नी द्वारा पैसे की लेन देन के विवाद में गोली मारे जाने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।