हादसों पर लगाम की तैयारी: राज्य में 14 हजार स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण !

बिहार में पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 14 हजार नए स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्णय लिया गया है। सड़क सुरक्षा परिषद की समीक्षा के बाद विकास आयुक्त ने इस परियोजना को 30 अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।

हादसों पर लगाम की तैयारी: राज्य में 14 हजार स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण !
बिहार सरकार ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य में 14 हजार नए स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्णय लिया है। सड़क सुरक्षा परिषद की समीक्षा बैठक के बाद विकास आयुक्त ने इस बड़े प्रोजेक्ट को 30 अप्रैल 2026 तक पूरा करने की समय सीमा तय की है। इस पहल का मकसद सड़क हादसों को कम करना और ट्रैफिक व्यवस्था को ज्यादा सुरक्षित व व्यवस्थित बनाना है। विभागों को बांटे गए लक्ष्य निर्माण कार्य के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। आंकड़ों के मुताबिक ग्रामीण कार्य विभाग 12,858, पथ निर्माण विभाग 342 और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) 88 स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाएगा। अभी राज्य में करीब 9,500 जेब्रा क्रॉसिंग मौजूद हैं, लेकिन नए चिन्हित स्थान जुड़ने से लोगों के लिए सड़क पार करना और सुरक्षित होगा। किन जगहों पर बनेगी सुविधा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जेब्रा क्रॉसिंग खासकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बाजार और भीड़भाड़ वाले प्रमुख चौराहों पर बनाई जाए। परिवहन विभाग ने साफ किया है कि सड़कों पर प्राथमिक अधिकार पैदल चलने वालों का है, इसलिए क्रॉसिंग चौड़ी, स्पष्ट और मानक के अनुसार पेंट की जानी चाहिए। निगरानी और जवाबदेही तय काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण हो, इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। विभागों को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट देनी होगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन रोककर पैदल यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को पहले रास्ता दें।