“बीस वर्षों में नहीं हो सका छातापुर का विकास” – संजीव मिश्रा

छातापुर की जनता ने नेताओं को बार-बार मौका दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश यहां की सड़कें जर्जर हैं

“बीस वर्षों में नहीं हो सका छातापुर का विकास” – संजीव मिश्रा

छातापुर/सुपौल,
वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं लोकप्रिय नेता श्री संजीव मिश्रा ने शनिवार को छातापुर विधानसभा क्षेत्र के जीवछपुर समेत विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र की जनता से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि बीते 20 वर्षों में छातापुर के विकास की स्थिति बेहद चिंताजनक रही है। विकास के नाम पर केवल दिखावा हुआ है, जबकि आम जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।

श्री मिश्रा ने कहा कि—

> "छातापुर की जनता ने नेताओं को बार-बार मौका दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश यहां की सड़कें जर्जर हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पाए हैं, किसान अपनी समस्याओं को लेकर दर-दर की ठोकर खा रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल पड़ी है। बीते दो दशकों में यहां का जनप्रतिनिधित्व केवल खुद के फायदे तक सीमित रहा है, जबकि जनता को सिर्फ़ आश्वासन ही मिलता रहा है।"

उन्होंने आगे कहा कि यदि जनता ने इस बार बदलाव का संकल्प लिया तो निश्चित ही छातापुर का भविष्य बदलेगा। उन्होंने वादा किया कि वीआईपी पार्टी की सरकार बनने पर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। मिश्रा ने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित दाम और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी।

जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने श्री मिश्रा को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की दयनीय स्थिति की शिकायत की। इस पर संजीव मिश्रा ने जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज़ को मजबूत मंच मिलेगा और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिला एवं युवा वर्ग शामिल हुए और श्री मिश्रा के विचारों का समर्थन किया। मौके पर वीआईपी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद थे