भगवान भी कहते हैं कर्म करो, तभी फल मिलेगा: मुकेश सहनी
विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने किया आह्वान, अपने बच्चों के भविष्य के लिए सपने देखिए

NBL
पटना, 8 मार्च। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने आज लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी भी अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए सपने देखिए। जब सपना देखेंगे तभी उसे पूरा करने के लिए भी प्रयास करेंगे।
श्री सहनी आज वैशाली जिला के भगवानपुर प्रखंड के पट्टी बंधू राय में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब बच्चे शिक्षित हो जाएंगे तो वे अपना अधिकार समझेंगे और उसे लेने के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि हम भी गरीब के घर ही पैदा हुए थे, लेकिन संघर्ष कर मुंबई में मुकाम बनाया। वहां हम अच्छी जिंदगी जी रहे थे, लेकिन हमें अपने समाज की चिंता सताने लगी। हम बिहार की धरती पर अपने समाज के लिए संघर्ष करने पहुंच गए।
आज लोग चांद पर घर बनाने की सोच रहे हैं, लेकिन हमारे समाज के लोगों के लिए जमीन पर घर नहीं है। आज हम लोग अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जब आपने हमें नेता, भाई और बेटा माना तो हम लोगों से लोग डरने लगे। आज निषाद के आरक्षण के लिए हम लड़ाई लड़ रहे हैं। अन्य राज्यों में आरक्षण है।
उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि हम लोग कामयाब होंगे लेकिन यह लड़ाई सिर्फ हमारे लड़ने से नहीं होगी। इसके लिए हम सबको आने वाली पीढ़ी के लिए लड़ना होगा। जब एक पीढ़ी आगे निकल जाएगी तो फिर लौटकर पीछे मुड़कर नहीं देखना होगा। उन्होंने समाज में भाईचारा बनाकर रहने की भी बात कही।
उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि अगर आप जागरूक नहीं होंगे तो आपका अधिकार दूसरे लोग लूट लेते हैं। अगर हम पहले जाग गए होते तो निषाद को आरक्षण मिल गया होता। आज सभी जातियों के लोग कलेक्टर मिल जाएंगे, लेकिन निषाद का बेटा नहीं मिलेगा।