वोटिंग के समय अफरातफरी, तेज प्रताप के प्रत्याशी पर पुलिस की कार्रवाई !
वोटिंग के समय अफरातफरी, तेज प्रताप के प्रत्याशी पर पुलिस की कार्रवाई !
पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के दौरान शनिवार को मतदान के बीच भारी हंगामा देखने को मिला। तेज प्रताप यादव समर्थित उम्मीदवार को पुलिस ने अपने साथ ले लिया। अध्यक्ष पद के लिए रिंकल यादव मैदान में हैं। मतदान प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे तक जारी रहेगी।
पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में हंगामा, अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को पुलिस ने लिया हिरासत में
पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के तहत शनिवार सुबह 8:30 बजे से मतदान शुरू हुआ। इसी दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रिंकल यादव को पुलिस अपने साथ ले गई, जिसके बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया और जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि रिंकल यादव तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार हैं।
छात्रों का आरोप है कि चुनाव प्रचार पूरे समय रिंकल यादव के नाम से किया गया, लेकिन बैलेट पेपर में उनका नाम रिंकल कुमार छपा था। इसी नाम को लेकर भ्रम और नाराजगी बढ़ी, जिसके बाद विवाद गहराया और पुलिस ने प्रत्याशी को वहां से हटाया।
जेजेडी ने की थी समर्थन की अपील
चुनाव से पहले जेजेडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से रिंकल यादव के समर्थन में वोट की अपील की थी। पोस्ट में कहा गया था कि रिंकल यादव अध्यक्ष पद के लिए मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं और छात्रों के बीच उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है। पार्टी ने यह भी दावा किया था कि उन्होंने विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र-शिक्षक मुद्दों को लगातार उठाया है और सभी छात्रों से बैलेट नंबर 7 पर वोट देने की अपील की थी।
85 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
इस चुनाव में अध्यक्ष पद के 11 उम्मीदवारों सहित सेंट्रल पैनल के 40 और काउंसलर पद के 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल मिलाकर 85 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होना है।
चीफ इलेक्शन ऑफिसर प्रो. शंकर कुमार ने मतदान से पहले सभी चुनाव अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। विद्यार्थियों को पहचान पत्र और पेन साथ लाना अनिवार्य किया गया था। जिन छात्रों के पास विश्वविद्यालय का आईडी कार्ड नहीं है, उन्हें विभागाध्यक्ष से अस्थायी पहचान पत्र और आधार कार्ड के साथ आने को कहा गया था।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सभी 14 निर्वाचन क्षेत्रों के 41 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, क्विक फोर्स और मजिस्ट्रेट तैनात हैं। प्रत्येक पद के लिए अलग रंग के बैलेट पेपर जारी किए गए हैं और मतदाताओं को ब्लू या ब्लैक पेन से प्रत्याशी के नाम के सामने बने बॉक्स में क्रॉस का निशान लगाने का निर्देश दिया गया है।
मतदान समाप्त होने के बाद बैलेट बॉक्स को सील कर आर्ट्स कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर भेजा जाएगा। शाम 4:30 बजे से मतगणना शुरू होगी और सेंट्रल पैनल की गिनती छह चरणों में पूरी की जाएगी। हर राउंड के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी।