प्रिंस हत्याकांड में मौसेरे भाई समेत तीन पर केस, मोबाइल से खुलेगा हत्या का राज...

प्रिंस हत्याकांड में मौसेरे भाई समेत तीन पर केस, मोबाइल से खुलेगा हत्या का राज...

आरा : भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयल गांव निवासी स्नातक के छात्र प्रिंस गांधी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। पिता गांधी राय के बयान पर सिकरहट्टा थाने में केस दर्ज किया गया है। इसमें प्रिंस के मौसेरे भाई मुन्ना सिंह समेत तीन लोगों को नामजद किया गया है। इनमें सिकरहट्टा गांव निवासी राकेश सिंह उर्फ बउआ जी के पुत्र बबलू सिंह, राजू सिंह के पुत्र मुन्ना सिंह और सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव गांव निवासी धनंजय राय के पुत्र सोनू राय को नामजद आरोपित बनाया गया है। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। सिर्फ आपसी मनमुटाव में हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

कहा गया है कि बबलू सिंह का प्रिंस गांधी के साथ आपसी मनमुटाव था। उसी में साजिश के तहत तीनों आरोपितों द्वारा बबलू सिंह के घर में गोली मारकर प्रिंस की हत्या कर दी गयी। इसके बाद शव आरा सदर अस्पताल में छोड़कर सभी आरोपित भाग गए। इधर, पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर हत्या के कारणों की छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुट गयी है। इसे लेकर एसडीपीओ राहुल सिंह के नेतृत्व में टीम छापेमारी कर रही है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। बताते चलें कि कोयल गांव निवासी गांधी राय का 27 वर्षीय पुत्र प्रिंस गांधी बुधवार सुबह अपनी मौसी के घर सिकरहट्टा गांव गया था। देर शाम में उसकी गोली मार हत्या कर दी गयी थी।

पिता का आरोप : मुन्ना सिंह के बुलाने पर सिकरहट्टा गया था...

चरपोखरी थानाध्यक्ष निकुंज भुषण के समक्ष गांधी राय की ओर से दर्ज फर्द बयान में कहा गया है कि उनका पुत्र प्रिंस गांधी बुधवार की सुबह अपने चचेरे भाई उत्तम से बोला कि सिकरहट्टा गांव के मुन्ना सिंह ने बुलाया है। इसे लेकर उसने उत्तम से बाइक से सिकरहट्टा गांव पहुंचाने को बोला। इसके बाद उत्तम द्वारा उसे बाइक से सिकरहट्टा गांव पहुंचा दिया गया। बाद में उत्तम वहां से गांव लौट आया। शाम करीब सात बजे मुन्ना सिंह के भाई अंशु सिंह ने फोन से प्रिंस गांधी को गोली लगने की सूचना दी। कहा गया है कि वह चकिया पुल के पास गिरा था। मुन्ना सिंह उसे सदर अस्पताल ले गये हैं। इस पर वह अस्पताल पहुंचे तो उनके पुत्र का शव इमरजेंसी वार्ड के गेट के पास पड़ा था। वहां कोई नहीं था। बाद में पता चला कि मुन्ना सिंह, बबलू सिंह और सोनू राय उनके पुत्र प्रिंस को सदर अस्पताल पहुंचाकर भाग गये हैं। सोनू राय की स्कॉर्पियो से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया था। एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जायेगा।

मोबाइल से खुलेगा हत्या का राज, जांच में जुटी पुलिस...

पुलिस को प्रिंस की हत्या का राज उसके मोबाइल से खुलने की उम्मीद है। ऐसे में हत्या की तफ्तीश कर रही पुलिस उसके मोबाइल की जांच कर रही है। उसके मोबाइल की सीडीआर खंगाली जा रही है। हालांकि उसका मोबाइल फिलहाल पुलिस के हाथ नहीं लगा है। बताया जा रहा है कि प्रिंस ने अपना मोबाइल मौसी के घर पर ही छोड़ दिया था। सदर अस्पताल पहुंचे उसके मौसेरे भाई मुन्ना सिंह की ओर से भी इस बात की पुष्टि की गयी थी। उसका कहना था कि वह दस बजे उसके घर पहुंचा था और 12 बजे निकल गया था। अपना मोबाइल भी वहीं छोड़ गया था।

इधर, पीरो एसडीपीओ ने बताया कि अभी उसका मोबाइल नहीं मिला है। मोबाइल से कुछ क्लू मिल सकता है। वैसे पुलिस की मानें तो काफी हद तक क्लू मिल गया है। बबलू सिंह से प्रिंस के मनमुटाव के कारणों की जानकारी पुलिस को मिल गयी है। बताया जा रहा है कि प्रिंस गांधी अक्सर अपनी मौसी के गांव जाता रहता था। उसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था।