बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति चिंताजनक, एनडीए सरकार पूरी तरह विफल...

आरा : राष्ट्रीय जनता दल के भोजपुर जिला प्रवक्ता आलोक रंजन ने बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए एनडीए सरकार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की गठबंधन वाली डबल इंजन की सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।
आलोक ने कहा; बिहार में हर दिन अपराध, हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अब स्थिति इस कदर हो गई है कि जेल से छुटे दुर्दांत अपराधी गैंगवॉर की घटना को अंजाम दे रहे है। सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है, और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशासनिक अक्षमता और भाजपा की राजनीति ने बिहार की कानून व्यवस्था को बद से बदतर बना दिया है। सरकार केवल कागजों और बयानों में कानून व्यवस्था ठीक होने का दावा कर रही है, जबकि जमीन पर सच्चाई बिल्कुल अलग है।
राजद प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जब सरकार जनता को सुरक्षा देने में नाकाम हो रही है, तो उसकी प्राथमिकताएं आखिर क्या हैं? उन्होंने यह भी कहा कि थके हुए आदमी और रिटायर्ड अधिकारी से बिहार नही चलने वाला है।