आरा : 25 हजार का इनामी सहित आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, 21 साल से चल रहे थे फरार...

आरा : भोजपुर जिले के चरपोखरी थाने की पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी समेत दो को धर दबोचा। गिरफ्तारी पीरो के हसन बाजार थाना क्षेत्र के सुखरौली क्षेत्र से हो सकी। पकड़े गए सदस्यों में चरपोखरी थाने के धनौती गांव निवासी बंशीधर ठाकुर और धनपती ठाकुर शामिल हैं। दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र हैं। पुलिस के अनुसार 21 साल पुराने मामले में दोनों की तलाश थी। कोर्ट से वारंट निर्गत था।
इस बीच गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीरो के हसन बाजार थाना क्षेत्र के सुखरौली क्षेत्र छापेमारी कर दोनों वांछित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार इसमें बंशीधर ठाकुर पर पच्चीस हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस से बचने के लिए अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था। मालूम हो कि वर्ष 2004 में चरपोखरी थाना के धनौती गांव में हत्या की घटना घटित हुई थी, जिसे लेकर संबंधित थाना में प्राथमिकी कराई गई थी। इस दौरान कोर्ट में उपस्थित नहीं होने को लेकर दोनों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट निर्गत था।
एसपी राज के आदेश पर पूरे जिले में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। एसपी राज के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में कुल 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी एसपी राज ने प्रेस बयान जारी कर दी है। इसमें एक हत्या, एक लूट, 17 हत्या के प्रयास एवं 44 अन्य मामलों के आरोपित हत्थे चढ़े है। इसके अलावा पुलिस ने इस अभियान के दौरान एक अवैध हथियार भी बरामद किया है।