जितन राम मांझी करेंगे शक्ति प्रदर्शन ---इसी माह पटना गांधी मैदान मे हो सकती है रैली .. क्या है रणनीति ?

जितन राम मांझी करेंगे शक्ति प्रदर्शन ---इसी माह पटना गांधी मैदान मे हो सकती है रैली .. क्या है रणनीति ?
जितन राम मांझी करेंगे शक्ति प्रदर्शन ---इसी माह पटना गांधी मैदान मे हो सकती है रैली .. क्या है रणनीति ?

लोकसभा चुनाव से पहले नवंबर में बिहार की राजनीति खास होने वाली है। इस माह दलित वोट बैंक पर दावा करने वाली बिहार की दो पार्टियां रैली करने जा रही हैं। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) की ओर से पटना के गांधी मैदान में पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 28 नवंबर को रैली की जाएगी तो वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा भी इसी महीने गांधी मैदान में अपनी ताकत दिखाएगी। रैली करने की सहमति शुक्रवार को पार्टी कोर कमिटी की बैठक में हुई। सवर्ण वोट बैंक को महागठबंधन के पक्ष में मजबूत करने के लिए पूर्व सांसद बाहुबली आनंद मोहन भी घोषणा कर चुके हैं कि नवंबर में पटना के गांधी मैदान में रैली करेंगे।

लोजपा (रामविलास) का तो स्थापना दिवस है लेकिन बाकी पार्टियां नवंबर के महीने को इसलिए पसंद कर रही हैं कि वह समय ठंड की शुरुआत का समय होगा। धूप में आयोजन करना आसान होगा। धनकटनी आदि के बाद लोग गांवों में फ्री भी होंगे और रैली में बढ़-चढ़ कर भाग भी ले सकेंगे।

बात दलित राजनीति की करें तो बिहार में दलितों का वोंट बैंक 16 फीसदी के लगभग है। इस वोट बैंक पर जीतन राम मांझी के साथ ही चिराग पासवान की नजर है। बिहार में 6 ऐसे लोकसभा क्षेत्र हैं जो आरक्षित सीट हैं। ये सीटें हैं सासाराम, गया, जमुई, हाजीपुर, गोपालगंज और समस्तीपुर। इसलिए जाहिर तौर पर इन सीटों पर दोनों लोजपा और हम पार्टी मजबूत उम्मीदवार देने की कोशिश करेंगी।

हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण कहते हैं कि हमें अन्य पार्टियों की रैली से कोई चैलेंज नहीं है। हमारे नेता का ग्राउंड पर जो असर है उसे किसी से कंपीटिशन नहीं है। हमारे नेता जीतन राम मांझी गरीबों के नेता हैं। गरीबों के बीच पले-बढ़े और आज भी उन्हीं के बीच हैं। गरीबों पर फोकस करने वाली दूसरी पार्टी कोई नहीं है। हमारे संगठन को भी आप देखें तो आपको लगेगा कि दलितों की बात करने वाला दूसरा कोई इतना सशक्त नेता नहीं है।

लोजपा (रामविलास) के प्रवक्ता डॉ.(प्रो.) विनीत सिंह कहते हैं कि 28 नवंबर को हमारी पार्टी का स्थापना दिवस है। गांधी मैदान में यह रैली होगी। बड़ी संख्या में लोग इसमें भाग लेंगे। हमारी पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान ने उन लोगों की आवाज उठायी जो शोषित रहे, वंचित हैं, गरीब हैं। उनके पुत्र चिराग पासवान उस धारा को आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि वे सभी जाति, धर्म को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। विनीत कहते हैं कि गांधी मैदान यह तय करेगा कि बिहार का भविष्य कैसा रहेगा।