आरा : ससुराल लौट रही महिला से दुष्कर्म, जेवर व पैसे भी छीने...

आरा : ससुराल लौट रही महिला से दुष्कर्म, जेवर व पैसे भी छीने...

आरा : विवाहिता के साथ दिनदहाड़े दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना इमादपुर थाना क्षेत्र की है। इसे लेकर पीड़ित विवाहिता ने इमादपुर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में दो लोगों को आरोपित किया गया है। हालांकि, दुष्कर्म का आरोप सिर्फ एक पर है। दुष्कर्म पीड़ि‍त विवाहिता की मेडिकल जांच शनिवार को सदर अस्पताल, आरा में कराई गई। घटना 24 नवंबर की सुबह नौ बजे की बताई जा रही है। प्राथमिकी 25 नवंबर को कराई गई है।

इधर, पीड़िता ने बताया कि उसका ससुराल तरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में है। अपने पिता के बीमार होने की सूचना पर मायके पहुंची थी। घटना वाले दिन वह मायके से पैदल वापस ससुराल जा रही थी। मह‍िला का आरोप है कि रास्ते में एक आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गया और दुष्‍कर्म किया। विरोध करने पर उसने उसके साथ मारपीट भी की। साथ ही उसके सोने के जेवर व नकदी भी छीन ली।

दो आरोपि‍यों में से एक पर मारपीट करने का का आरोप है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाग निकले। इसके बाद वह पैदल अपने घर आई। इमादपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के अनुसार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।