आरा : बारात में 7 लोगों को मारी गोली 2 की मौत, 5 घायल...

आरा : भोजपुर में देर रात शादी के दौरान अपराधियों ने 2 बच्चों समेत 7 लोगों को गोली मार दी। गोलीबारी में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर है।
सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा और प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद में थार सवार ने गोलाबारी की है। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव का है। घटना की सूचना पर एसपी राज, पीरो एसडीपीओ अब्बू सैफी मुर्तजा समेत 6 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मृतकों की पहचान लहरपा गांव निवासी संजय कुमार सिंह के बेटे राहुल कुमार (24) और सुरेश सिंह के बेटे लवकुश कुमार (23) के तौर पर हुई है। घायलों में अप्पू कुमार, पंकज कुमार, आर्यन उर्फ बिट्टू (5), लवकुश और नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी निवासी अक्षय सिंह है।
घायल पंकज ने बताया 'गांव में किसान सलाहकार कमलेश सिंह की बेटी की शादी हो रही थी। चरपोखरी थाना क्षेत्र के काउप गांव से बारात आई थी। बारात की गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थी। द्वार पूजा का कार्यक्रम हो रहा था। इसी बीच बारात में शामिल होने के लिए लहरपा गांव के दो लोग लवकुश और राहुल थार से गुजर रहे थे।
भीड़ होने के कारण उन्होंने साइड मांगी। बारातियों ने साइड भी दे दी। इस दौरान थार में बैठे दोनों युवकों का गांव के लोगों से विवाद हो गया। थोड़ी देर में मामला शांत होने के बाद दोनों युवक वहां से जाने लगे। इसी बीच रोड पर खड़े अन्य लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें थार सवार लवकुश और राहुल की मौत हो गई। जबकि बारात और लड़की पक्ष तरफ से आए 2 बच्चे समेत 5 लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल लाया गया।'
इधर, पीरो एसडीपीओ अब्बू सैफी मुर्तजा ने बताया-'लहरपा गांव में एक बारात के दौरान दो पक्षों के बीच गोलीबारी की घटना सामने आई है। गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल है। सभी का इलाज कराया जा रहा है। इस वारदात के बाद एक टीम का गठन किया गया है। वारदात के पीछे कुछ लोगों का नाम भी सामने आया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।'
बता दें कि 30 सितंबर 2022 को लहरपा गांव निवासी रमेश सिंह के बेटे ठेकेदार बबलू सिंह को गोली मारने के मामले में राहुल और लवकुश (मृतक) जेल जा जा चुके हैं।
बबलू सिंह की मां प्रेमा देवी मुखिया भी रह चुकी हैं। पंचायत में योजना के तहत काम होने के बाद गांव के कुछ लोगों ने योजना में गड़बड़ी का आरोप को लगाया था। इसी बात को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर सितंबर 2022 को नवादा थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी में टहलने के दौरान बबलू सिंह को गोली मारी गई थी।
इस मामले में दोनों मृतक राहुल कुमार, लवकुश कुमार और रणवीर कुमार, राजेश, मनोज कुमार, अंकित कुमार को नामजद कर जेल भेजा गया था। तब से अबतक विवाद चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बारात में दोनों मृतकों से थार से जाने के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।