आरा : तनिष्क लूटकांड मामले में सूरज मंडल जम्मू से गिरफ्तार...

आरा : तनिष्क लूटकांड मामले में सूरज मंडल जम्मू से गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर के टाउन थाना क्षेत्र अन्तर्गत शीश महल चौक स्थित तनिष्क शोरूम से करीब 10 करोड़ रुपए के जेवरात लूटे जाने के मामले में पुलिस ने जम्मू से सूरज मंडल को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई थी। ग्राहक बनकर पहले शोरूम में जाने और फिर पिस्टल के बल पर लूटपाट करते समय उसका चेहरा फुटेज में कैद हुआ था। पकड़ा गया वांटेड सूरज मंडल मूल रूप से अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के महेन्द्रपुर गांव का निवासी है।

सूरज, विगत 22 मार्च को अररिया में पुलिस मुठभेड में मारे गए कुख्यात चुनमुन झा का करीबी साथी बताया जाता है। पटना एसटीएफ और जिला पुलिस उससे पूछताछ कर क्लू पाने की कोशिश में है। ट्राजिंट रिमांड पर उसे जम्मू से आरा लाया जा रहा है। इसके अलावा वैशाली से भी तीन अन्य संदिग्धों को उठाया गया है। 10 मार्च को घटना की सुबह 10.21 बजे पहले दो अपराधी ग्राहक के रूप में सोने की रिंग देखने के लिए आए थे एवं फर्स्ट फ्लोर के काउंटर पर जाकर सोने की रिंग दिखाने की बात कही थी। इसके बाद अन्य साथी प्रवेश किए थे।

गिरफ्तार सूरज फुटेज में साफ रूप से दाढ़ी बढाए नजर आ रहा है। फुटेज में महिला सेल्समैन से खरीदारी के बहाने सोना देखते नजर आ रहा है। वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए वह भागकर जम्मू चला गया था। वही गुरूवार को कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के जेल में बंद दो कुख्यात अपराधियों कांड के मास्टर माइंड चंदन कुमार उर्फ प्रिंस तथा शेरू सिंह के विरुद्ध प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया। भोजपुर पुलिस दोनों को प्रोडक्शन वारंट के जरिए बिहार लाने की तैयारी में है। केस के आइओ सह थानाध्यक्ष देवराज राय ने दोनों के विरुद्ध प्रोडक्शन वारंट जारी होने की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि आरा कारा के जरिए पश्चिम बंगाल के पुरूलिया कारा को प्रोडक्शन वारंट भेजा जाएगा। आरा कोर्ट में उपस्थापन के बाद दोनों को रिमांड किया जाएगा। इससे पूर्व आइओ ने बुधवार को दोनों के विरुद्ध कांड में रिमांड करने एवं प्रोडक्शन वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी।