बिहार के 9000 डाकघरों से अब सीधे विदेश भेज सकेंगे पार्सल, जानें कब से शुरू होगी सेवा
बिहार के 9000 डाकघरों से अब सीधे विदेश भेज सकेंगे पार्सल, जानें कब से शुरू होगी सेवा
बिहार में अब विदेश पार्सल भेजने की प्रक्रिया और सरल होने वाली है। डाक विभाग राज्य के 29 मुख्य डाकघरों सहित करीब 9000 पोस्ट ऑफिस में अंतरराष्ट्रीय व्यापार इकाई स्थापित करने जा रहा है। यह व्यवस्था अप्रैल से पहले शुरू करने की तैयारी है। साथ ही रेलवे मेल सर्विस (RMS) में भी यह सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर ही पार्सल की बुकिंग और प्रोसेसिंग की पूरी प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
जिला स्तर पर ही पूरी होगी विदेश पार्सल प्रक्रिया
अब तक विदेश पार्सल भेजने के लिए लोगों को पटना, दिल्ली या कोलकाता जैसे बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। स्क्रूटनी, कस्टम क्लियरेंस और अन्य औपचारिकताएं बाहर से पूरी होती थीं, जिससे देरी होती थी और कभी-कभी पार्सल रिजेक्ट होने की सूचना भी देर से मिलती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ये सभी प्रक्रियाएं संबंधित जिले में ही पूरी की जाएंगी और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
हर प्रमंडल में बनेगी इंटरनेशनल बिजनेस यूनिट
चीफ पोस्ट मास्टर जनरल, बिहार सर्किल एम. अब्दाली के मुताबिक प्रत्येक प्रमंडल में इंटरनेशनल बिजनेस यूनिट स्थापित की जाएगी। इससे विदेश भेजे जाने वाले पार्सलों की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और कस्टम क्लियरेंस की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
अलग टीमें और अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय व्यापार इकाई के संचालन के लिए शाखा डाकघर से लेकर मुख्य डाकघर तक अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी। विदेश पार्सल बुकिंग के लिए कम से कम चार काउंटर निर्धारित होंगे। जहां मांग अधिक होगी, वहां काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि भीड़ कम हो और काम तेजी से निपटे।
पैकेजिंग सिस्टम भी हुआ अपग्रेड
डाक विभाग ने पार्सल पैकेजिंग व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया है। पटना की पैकेजिंग यूनिट को अपडेट किया गया है। विभाग का कहना है कि अब कोई भी पार्सल एक स्थान पर एक घंटे से अधिक नहीं रुकेगा और लगातार आगे बढ़ता रहेगा। बढ़ती मांग को देखते हुए यह पहल बिहार के व्यापारियों, छात्रों और प्रवासी परिवारों के लिए काफी लाभकारी साबित हो सकती है।