पटना में बोले वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा—राज्य आर्थिक संकट से गुजर रहा, वित्तीय स्थिति पर गंभीर सवाल !
पटना में बोले वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा—राज्य आर्थिक संकट से गुजर रहा, वित्तीय स्थिति पर गंभीर सवाल !
मुकेश सहनी ने राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार गंभीर वित्तीय दबाव में है। स्वास्थ्य सेवाओं, आशा कार्यकर्ताओं और छात्रों से जुड़ी योजनाओं में भुगतान अटकने का हवाला देते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार को मुख्य कारण बताया और सरकार से पारदर्शिता की मांग की।
पटना में Mukesh Sahani ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल वेतन और पेंशन के भुगतान को आधार बनाकर यह नहीं कहा जा सकता कि प्रदेश की माली हालत ठीक है।
सहनी ने आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण योजनाओं में भुगतान अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों को समय पर राशि नहीं मिल रही, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय भी लंबित है, जिसका असर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्र क्रेडिट कार्ड योजना में देरी के कारण बाहर पढ़ाई कर रहे छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें संस्थानों में अपमान तक झेलना पड़ रहा है।
सहनी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य का राजकोष कमजोर हो चुका है और विकास योजनाओं में कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। CAG रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैला हुआ है। साथ ही उन्होंने सरकार से जवाब मांगा कि जनता का पैसा आखिर कहां खर्च हुआ।